जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में भारतीय संस्कृति के रंगों से सजा ‘गूँज 2026’, नन्हे विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा।

ग्रेटर नोएडा/Mmenews, 13 अक्टूबर 2026।जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को अंतरविद्यालयी सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘गूँज – द रेज़ोनेंस ऑफ़ इंडियन कल्चर’ का आयोजन किया गया। भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विविधता को समर्पित इस कार्यक्रम में प्री-नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों की आयु और कक्षाओं के अनुरूप विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

प्री-नर्सरी एवं नर्सरी के विद्यार्थियों के लिए रूई से चित्रकारी और उत्तर भारतीय वेशभूषा पर आधारित रैम्प वॉक का आयोजन हुआ। वहीं, एलकेजी एवं यूकेजी के बच्चों ने सब्जियों से चित्रकारी कर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया तथा दक्षिण भारतीय पारंपरिक परिधानों में रैम्प वॉक के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के विद्यार्थियों ने कागज से आकर्षक कलाकृतियां बनाने, बिना आग के व्यंजन तैयार करने और पूर्वोत्तर भारतीय वेशभूषा पर आधारित रैम्प वॉक में हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों को भारतीय खानपान, कला और विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक वेशभूषा से परिचित होने का अवसर मिला।इसी क्रम में कक्षा तृतीय से पंचम तक के विद्यार्थियों के लिए लोकनृत्य, समूहगान, वाद्य संगीत और सांस्कृतिक प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोककला, संगीत और सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी रुचि और समझ को प्रदर्शित किया।प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना, उनमें रचनात्मक सोच विकसित करना तथा भारतीय संस्कृति और समृद्ध विरासत के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना था। इस आयोजन ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को जानने और समझने का अवसर भी प्रदान किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top